
शराब की दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने शीघ्र खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 135 टेट्रा पैक माल्टा देशी शराब (200 एमएल) और 1250 रुपये नकद बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किलावली कुंडा रोड निवासी विजय कुमार (35 वर्ष) ने 9 फरवरी 2026 को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 7/8 फरवरी की रात अज्ञात चोर ने उनकी दुकान का ताला तोड़कर 4 पेटी माल्टा देशी शराब चोरी कर ली। 8 फरवरी की सुबह दुकान खोलने पर घटना की जानकारी हुई।
तहरीर के आधार पर थाना काशीपुर में मु.अ.सं. 33/2026 धारा 305(A)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक द्वारा पुलिस टीम गठित की गई।
10 फरवरी 2026 की रात गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कचनाल गाजी रोड पर डिग्री कॉलेज के पीछे पुराने हॉस्टल के पास से गुरमीत सिंह (21 वर्ष) पुत्र जज सिंह निवासी डिफेंस कॉलोनी, श्यामपुरम कॉलोनी, कोतवाली आईटीआई, जनपद ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक सफेद कट्टे में रखे 135 टेट्रा पैक माल्टा देशी शराब तथा 1250 रुपये नकद बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

प्रधान संपादक – इंडिया टीवी टाइम्स
कार्यालय- काशीपुर जिला उधम सिंह नगर उत्तराखंड
संपर्क – +91 78952 90305
