विश्व साक्षरता दिवस पर आर.एस. ढिल्लों जनता इंटर कॉलेज में विधिक जागरूकता शिविर

Spread the love

काशीपुर। विश्व साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को ग्राम पंचायत ढकिया कला के महादेव नगर स्थित आर.एस. ढिल्लों जनता इंटर कॉलेज में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर श्रीमती ममता पंत ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या डिंपल कुमारी, एसआई मनोज कुमार धोनी, वरिष्ठ अधिवक्ता उमेश जोशी, काशीपुर क्षेत्र की पैरा लीगल वालंटियर्स टीम तथा राष्ट्रीय मानव अधिकार चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष बलजिंदर कौर सहित विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।

शिविर में करीब 210 छात्र-छात्राओं एवं प्रतिभागियों को विधिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी गई। सचिव ममता पंत ने विद्यार्थियों को पोक्सो अधिनियम, महिला एवं बाल अधिकार, साइबर अपराधों से बचाव, नशे के दुष्परिणाम तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने और अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड व ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही बताया कि जरूरतमंद व्यक्ति नालसा की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकता है।

60 दिनों तक चलेगा मेगा ड्राइव चरण-1

कार्यक्रम के दौरान मेगा ड्राइव चरण-1 के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि ग्राम हरिनगर, ढकिया कला में 25 अगस्त 2026 से शुरू हुआ यह अभियान 60 दिनों तक लगातार चलेगा। इसके तहत PLV टीम डोर-टू-डोर जाकर ग्रामीणों की समस्याएं दर्ज कर रही है और संबंधित विभागों के माध्यम से उनके समाधान का प्रयास किया जा रहा है।

शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को विधिक अधिकारों के साथ-साथ सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं एवं कानूनी सहायता का लाभ दिलाना रहा।

कार्यक्रम की रिपोर्ट काशीपुर तहसील की PLV हेमा कुमारी द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को प्रेषित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page