काशीपुर में 28.50 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी, टेलीग्राम पर टास्क के नाम पर बनाया शिकार

Spread the love

काशीपुर में ऑनलाइन टास्क और घर बैठे कमाई का झांसा देकर करीब 28 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कुंडेश्वरी चौराहे की रहने वाली एक युवती ने काशीपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


दरअसल, कुंडेश्वरी निवासी साक्षी छाबड़ा के मुताबिक जून 2026 में उन्हें टेलीग्राम पर एक लिंक भेजा गया। लिंक के जरिए बताया गया कि जुड़ने पर उन्हें अमेजन कंपनी में जॉब दी जाएगी और इसके लिए कुछ टास्क पूरे करने होंगे। हर टास्क पूरा करने पर मुनाफा देने का भी झांसा दिया गया।

शिकायत के अनुसार, शुरुआत में साक्षी ने 6 हजार रुपये लगाए और टास्क पूरा करने के बाद उन्हें रकम मुनाफे सहित वापस कर दी गई। इसके बाद धीरे-धीरे टास्क और रकम बढ़ती गई। जब टारगेट करीब 50 हजार रुपये तक पहुंचा तो रकम रोक दी गई और फिर अलग-अलग खातों में पैसे जमा कराने का सिलसिला शुरू हो गया।

साक्षी का आरोप है कि इस पूरे खेल में उनसे करीब 28 लाख 50 हजार रुपये की रकम धोखाधड़ी से हड़प ली गई। इसके बाद आरोपियों ने रकम वापस दिलाने के नाम पर उनसे दोबारा 3 लाख 20 हजार रुपये की मांग की। ठगी की आशंका को देखते हुए उन्होंने यह रकम नहीं दी और पुलिस से शिकायत की।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर नंबर 0359, दिनांक 26 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक मनोज सिंह धोनी को सौंपी गई है। पुलिस अब टेलीग्राम अकाउंट, बैंक खातों और लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।

फिलहाल इस मामले में आरोपी अज्ञात हैं और पुलिस जांच में जुटी है। ऑनलाइन टास्क और निवेश के नाम पर होने वाली ऐसी ठगी से बचने के लिए किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर खाते में पैसे ट्रांसफर करने से पहले पूरी तरह जांच करना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page