किसान इंटर कॉलेज कुंडेश्वरी में विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन

Spread the love



माननीय सिविल जज सीनियर डिवीजन एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती ममता पंत ने छात्र-छात्राओं को विधिक अधिकारों एवं नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक

काशीपुर। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर के तत्वावधान में मंगलवार, 01 सितंबर 2026 को किसान इंटर कॉलेज, कुंडेश्वरी, तहसील काशीपुर में विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन माननीय सिविल जज सीनियर डिवीजन एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर श्रीमती ममता पंत जी के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में सफलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा माँ सरस्वती की सुंदर प्रस्तुति भी दी गई।

माननीय श्रीमती ममता पंत जी द्वारा शिविर में उपस्थित छात्र-छात्राओं को पोक्सो एक्ट, महिला अधिकार, नालसा की विभिन्न विधिक योजनाओं, नालसा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उचित विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

इसके साथ ही माननीय श्रीमती ममता पंत जी ने छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन अपनाने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान माननीय सचिव महोदया द्वारा मेगा ड्राइव चरण-1 के संबंध में भी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि ग्राम हरिनगर, ढकिया कला में मेगा ड्राइव चरण-1 कार्यक्रम की शुरुआत 25 अगस्त 2026 से हो गई है। इसके अंतर्गत पैरा लीगल वालंटियर्स (PLV) द्वारा लगातार डोर-टू-डोर जाकर ग्रामीण लोगों की जमीनी स्तर से जुड़ी समस्याओं को दर्ज किया जा रहा है तथा संबंधित विभागों के माध्यम से उन समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। पुलिस विभाग से श्रीमती मीना रावत, राजस्व विभाग, श्रम विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र/एल.डी. भट्ट राजकीय चिकित्सालय, काशीपुर से डॉ. सत्यम चौहान (एमबीबीएस) सहित स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं लोगों को अपने-अपने विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।

60 से 70 छात्र-छात्राओं का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

शिविर के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय जांच की गई। लगभग 60 से 70 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार उन्हें निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

शिविर के माध्यम से श्रम विभाग एवं खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा लगभग 10 से 15 आवेदनों में आई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। इससे उपस्थित लोगों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिली।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों के साथ साझा की गई। शिविर में काशीपुर क्षेत्र के समस्त पैरा लीगल वालंटियर्स (PLV) उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधिक जागरूकता के साथ-साथ स्वास्थ्य, महिला एवं बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता प्रदान की गई, जिससे शिविर में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं आमजन को महत्वपूर्ण विधिक एवं सामाजिक जानकारी प्राप्त हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page